मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, इस्लामिक नॉलेज टेस्ट-2026 के विजेताओं को मिले पुरस्कार

इस्लामिक नॉलेज टेस्ट-2026 के विजेताओं का सम्मान, 300 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कोटा। स्मार्ट हलचल।विद्यार्थियों में ज्ञान, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस्लामिक नॉलेज टेस्ट (आईकेटी)-2026 के विजेताओं का सम्मान समारोह सोमवार को नयापुरा स्थित शेर वाले बाबा परिसर में आयोजित किया गया। जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द की छात्र इकाई स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ) कोटा यूनिट द्वारा आयोजित समारोह में करीब 300 लोगों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि गत 10 मई को आयोजित इस्लामिक नॉलेज टेस्ट-2026 का आयोजन कोटा शहर के पांच परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्रत्येक वर्ग के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनकी भागीदारी का सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि शहर काजी जनाब जुबैर अहमद रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसआईओ के पूर्व जोनल अध्यक्ष जनाब आसिम खान, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, कोटा के अमीर-ए-मुकामी इंजीनियर अब्दुल कुद्दूस, जोनल सेक्रेटरी जनाब मुत्तालिब मिर्जा तथा असिस्टेंट जोनल सेक्रेटरी जनाब गुलशेर अहमद शामिल रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा, चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों के महत्व पर बल दिया तथा विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया, कोटा यूनिट के अध्यक्ष अबू तल्हा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, गर्ल्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया, कोटा यूनिट तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।