बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ता सम्मेलन में भरी हुंकार, 2027 चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर कस्बे स्थित ग्रीन गार्डन गेस्ट हाउस में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल शामिल हुए। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर से लेकर घर-घर तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मोहम्मद कासिम (स्व. दरोगा जी) के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए इन्हें एक-दूसरे का पूरक बताया। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने जैसे मुद्दों पर वर्तमान सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों को कड़ी मेहनत और मजदूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं, लेकिन परीक्षा केंद्र पहुंचने पर पेपर लीक होने की खबर मिलने से युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने दावा किया कि जनता आज भी बसपा सरकार के कार्यकाल को बेहतर मानती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर बल दिया।
सम्मेलन में विजय प्रताप, आर.के. गौतम, रमाकांत गौतम, सतीश जाटव, जगन्नाथ पाल, अमरेंद्र बहादुर, डॉ. एस.पी. सिद्धार्थ, विधायक मुरलीधर, वीर प्रकाश लोधी, बसपा जिलाध्यक्ष फतेहपुर, आकाश राव, अभिषेक प्रताप, अतुल कुमार, मोहम्मद अकरम, विष्णुपाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।