बांगड़ श्रीसीमेंट प्लांट में केबल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

100 फीट केबल चोरी की वारदात में दो विधि से संघर्षरत बालक भी संरक्षण में, चोरी का माल बरामद

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/रास।स्मार्ट हलचल |बांगड़ श्रीसीमेंट प्लांट में करीब 100 फीट केबल चोरी की वारदात का रास थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लेकर प्रकरण में अनुसंधान किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई केबल भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को प्लांट के माइंस क्रेशर नंबर-6 क्षेत्र से केबल चोरी होने की सूचना मिली थी। प्लांट के सुरक्षा अधिकारी शुभम प्रसाद द्विवेदी की रिपोर्ट पर रास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता तथा मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां एवं जैतारण वृताधिकारी रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में अजय उर्फ अजीत (20) निवासी लालजी की ढाणी रास, मनोहर (22) निवासी भंवरिया पाटन तथा सोपालराम (20) निवासी पालियावास को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की, जिसके दौरान चोरी गई करीब 100 फीट केबल बरामद की गई। अनुसंधान के बाद आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कार्रवाई में थानाधिकारी पन्नालाल, महावीर सिंह सहित पुलिस थाना रास की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।