पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत के लिए गांव-गांव संगठन मजबूत करने का आह्वान

चतुर्वेदी बोले- पंचायत समितियों और जिला परिषद वार्डों को कांग्रेस मुक्त बनाने का लें संकल्प

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/विजयनगर। स्मार्ट हलचल।ब्यावर पंचायत राज चुनावों को लेकर ब्यावर जिला भाजपा की संगठनात्मक बैठक होटल एन. चंद्रा में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव में भाजपा को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए अजमेर संभाग प्रभारी एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही हैं। किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग को देखते हुए राज्य के 26 जिलों में दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

चतुर्वेदी ने कहा कि अब पंचायत राज चुनाव में भी भाजपा की ‘चौथे इंजन’ की सरकार बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिले की सभी पंचायत समितियों एवं जिला परिषद वार्डों को कांग्रेस मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। पंचायत समितियों एवं जिला परिषद वार्डों के लिए नियुक्त प्रभारी और समन्वयक अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर योग्य दावेदारों की सूची तैयार कर जिला नेतृत्व को उपलब्ध कराएं।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, विधायक शंकर सिंह रावत, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, संभाग सह प्रभारी विष्णु चेचाणी, जिला प्रभारी विमल अग्रवाल, सह जिला प्रभारी सजना आगरी, प्रभारी विजय सिंह पवार सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष आशीष सांड ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विजयनगर भाजपा मंडल महामंत्री अमित लोढ़ा ने किया।