अरवड़@-।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे उपखंड कार्यालय फुलियाकलां के सभागार में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें पंचायत राज चुनाव में संभावित प्रत्याशियों को नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, फुलियाकलां बनवारी लाल बैरवा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशों की पालना में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में संभावित प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी, ताकि वे निर्वाचन प्रक्रिया को सही तरीके से समझ सकें।
कार्यशाला में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, संभावित प्रत्याशियों, ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यशाला में संभावित प्रत्याशियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी उपलब्ध करवाएं। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के सुचारू संचालन एवं प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है।