(नरेश कुरेडा)
पीपलू। स्मार्ट हलचल|शहर के भूतेश्वर तालाब में चल रहे नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) परीक्षण भर्ती के तीसरे दिन रविवार को तैराकी परीक्षण के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक अचेत हो गया। घटना के बाद भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों और अन्य अभ्यर्थियों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार देवली क्षेत्र के डाबरकलां निवासी बृजेश गुर्जर पुत्र रामराज गुर्जर तैराकी परीक्षण में शामिल थे। परीक्षण के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी पीपलू पहुंचाया।
सीएचसी पीपलू में चिकित्सकों ने अभ्यर्थी का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए टोंक रेफर कर दिया।
घटना के बाद भर्ती स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने तत्काल व्यवस्थाएं संभालीं और अन्य अभ्यर्थियों का परीक्षण जारी रखा।
