महात्मा गांधी सर्किल से पाली बाजार तक निकला कैंडल मार्च, यातायात नियमों की पालना का दिया संदेश
अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।विश्व स्मृति दिवस के अवसर पर सड़क यातायात दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में शहर में कैंडल मार्च निकालकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मोमबत्तियों की रोशनी के बीच सड़क हादसों के पीड़ितों को याद किया गया तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।कैंडल मार्च महात्मा गांधी सर्किल से प्रारंभ होकर पाली बाजार होते हुए निकाला गया। मार्च में शामिल लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में असमय काल का ग्रास बने लोगों को याद करते हुए आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले हादसों पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से जिम्मेदारी और सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में आरटीओ अधिकारी दिलीप चौधरी, एएसआई प्रशन तथा हवलदार मेजर मंगल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को जीवन की सुरक्षा से जोड़ते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की पालना को जरूरी बताया। कैंडल मार्च ने यह संदेश दिया कि सड़क पर बरती गई एक छोटी सी सावधानी किसी परिवार को जीवनभर के दर्द से बचा सकती है।