खखरेरू/फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के हरदासपुर थोंन गांव में बकरा चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जंगल से बकरियां चराकर घर लौट रहे एक चरवाहे की आंखों के सामने चार पहिया सवार चोर बकरा उठाकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अग्रसेन लोधी पुत्र शिव बालक शुक्रवार 27 मार्च की शाम करीब छह बजे जंगल से बकरियां चराकर गांव लौट रहे थे। गांव के किनारे स्थित तालाब पर बकरियां पानी पीने लगीं और वह कुछ दूरी आगे निकल गए। इसी दौरान सड़वापर की ओर से आई एक चार पहिया गाड़ी तालाब के पास रुकी। गाड़ी सवार व्यक्ति ने पानी पी रही बकरियों में से एक बकरा उठाकर तेजी से वाहन में रख लिया और मौके से फरार हो गया।
बकरियों के मिमियाने की आवाज सुनकर जब अग्रसेन पीछे मुड़े तो वाहन तेज गति से भागता दिखाई दिया। पीड़ित का दावा है कि बकरा उठाने वाले व्यक्ति को वह पहचानता है, जो पहले भी गांव में बकरी खरीदने के बहाने आ चुका है।
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर में बताया कि आरोपी सोहेल उर्फ गुड्डू कुरैशी पुत्र नवाब, निवासी ग्राम बहलोलपुर ऐलई थाना, खागा है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों का एक अहम सबूत मौके पर ही गिर गया था, जिसे पीड़ित ने पुलिस को सौंप दिया है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
