गंगापुर ।स्मार्ट हलचल।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गंगापुर में दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान से प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षणार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर, समाजसेवी एवं उद्योगपति लखन सोनी तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एआरओ आदित्य माहेश्वरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा एवं व्यावहारिक कौशल युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने का आह्वान किया।
संस्थान के सहायक निदेशक बुद्धि प्रकाश जीनगर ने उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का सही उपयोग कर युवा अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने हुनर को लगातार निखारने और उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के समापन सत्र में समूह अनुदेशक वीणा विश्नोई ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्तीर्ण एवं वर्तमान बैच के प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रमाणपत्र के साथ वास्तविक हुनर, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की असली पहचान हैं। उन्होंने वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों को समय का सदुपयोग करने तथा अपने वरिष्ठ प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफ सदस्य ईश्वर सिंह, प्रियंका, सत्यनारायण बैरवा, संजय विश्नोई, सत्यनारायण कीर एवं नीरज ठाकुर सहित प्रशिक्षणार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।