योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अंतिम पात्र तक पहुंचे लाभ : बैरवा

 

उपमुख्यमंत्री ने फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा की, अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लापरवाही छोड़कर योजनाओं को जमीन पर उतारने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कुसुम सहित प्रमुख योजनाओं की लक्ष्य और उपलब्धि के आधार पर समीक्षा की। बैरवा ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजना का लाभ पहुंचना चाहिए।
गिवअप में नंबर-1, अब बाकी योजनाओं में भी टॉप करने की तैयारी
उपमुख्यमंत्री ने गिवअप अभियान में भीलवाड़ा के राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहने पर जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रभावी मॉनिटरिंग और नवाचार के जरिए अन्य योजनाओं में भी जिला अग्रणी बने।
बजट घोषणाओं को समय पर जमीन पर उतारने के निर्देश
बैरवा ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं की भी समीक्षा की। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि बजट घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन के सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री ने प्रगतिरत कार्यों को तय समय में पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। राज्य स्तर पर लंबित मामलों का समन्वय से शीघ्र समाधान कराने को भी कहा।
जनप्रतिनिधि-अधिकारी मिलकर करें काम
बैरवा ने कहा कि विकास योजनाओं की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, शाहपुरा विधायक लालाराम बेरवा, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एसपी सागर राणा सहित अधिकारी मौजूद रहे।