रात 11 बजे बाद बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को दो दिन की मोहलत
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|जहाजपुर थाना प्रभारी के रूप में पदभार संभालने के बाद दयाराम चौधरी ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अपराधों की रोकथाम और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के तहत देर रात बेवजह घूमने वाले लोगों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि रात्रि 11 बजे के बाद बिना किसी आवश्यक कार्य के सार्वजनिक स्थानों पर घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना क्षेत्र में संचालित सभी दुपहिया, चौपहिया, ट्रैक्टर, ट्रॉली एवं अन्य वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से लगी होना अनिवार्य किया गया है।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहन स्वामियों को दो दिन का समय दिया गया है। इसके बाद ऐसे वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान सहित विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दयाराम चौधरी ने आमजन से अपील की कि वे कानून का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें और जहाजपुर को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं
