गौसेवकों ने चौराहे पर प्रदर्शन कर डेढ़ घंटे किया चक्काजाम
– उपखंड अधिकारी राकेश रावत की समझाईश पर माने प्रर्दशनकारी
सी पी गोयल
नाहरगढ़/बारां|स्मार्ट हलचल|30 अप्रैल जिले के नाहरगढ़ कस्बे में सोमवार सुबह गौ वंश के अवशेष मिलने के बाद उपजा तनाव प्रशासन की घंटों की मशक्कत के बाद शांत हुआ। घटना के विरोध में मुख्य चौराहे पर बजरंग दल गौशाला संचालकों द्वारा किए गए चक्काजाम को प्रशासन की कड़ी समझाईश के बाद हटा लिया गया है। कस्बें में गौवशं के अवशेष की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक और हिंदू संगठन के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने मुख्य चौराहे पर गोवंश का सिर रखकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। गौसेवकों का आरोप है कि गोवंश का सिर गुरुकुल स्कूल के पास मिला, जिस पर किसी जानवर के हमले के निशान नहीं थे। उन्होंने धारदार हथियार से गोवंश की हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना पर थानाधिकारी कमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। चक्काजाम के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में एसडीएम राकेश रावत और नायब तहसीलदार शिवप्रकाश भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया।
फिलहाल, मामले में कटे मिले गाय के बछड़े के सिर का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए नाहरगढ़ पुलिस के साथ-साथ भंवररगढ़ पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता भी मौके पर तैनात रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपखंड अधिकारी राकेश रावत, नायब तहसीलदार शिवप्रकाश, थानाधिकारी कमलसिह मय फोर्स के मौका स्थल पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और वार्ता का दौर भी चला। बजरंग दल प्रखंड अध्यक्ष रामनिवास नागर, केशरीलाल कुशवाह और गौशाला प्रतिनिधियों ने प्रशासन के सामने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोलने का निर्णय लिया
