उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 का आगाज: राज्यपाल ने स्व-गणना से की शुरुआत

देहरादून, 10 अप्रैल 2026
स्मार्ट हलचल|उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 की प्रक्रिया का शुक्रवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने लोक भवन में स्वयं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कर इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की।यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसमें डेटा संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को वेब पोर्टल के जरिए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस महत्वपूर्ण अभियान में भाग लें और स्व-गणना के माध्यम से सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि पोर्टल को सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है, जिससे आम नागरिक भी आसानी से इसका उपयोग कर सके।

उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की, ताकि डिजिटल माध्यमों के उपयोग में सभी वर्गों की मदद हो सके और कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

जनगणना निदेशालय, गृह मंत्रालय की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि पहले चरण के तहत प्रदेश में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

इससे पहले 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रदेशवासियों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इस दौरान नागरिक निर्धारित पोर्टल पर लॉग इन कर अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
कार्यक्रम में सचिव दीपक कुमार भी उपस्थित रहे।