(बजरंग आचार्य)
सादुलपुर।स्मार्ट हलचल|पुलिस अधीक्षक जय यादव (आई.पी.एस.) के नेतृत्व में संगठित अपराधों और सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चूरू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल (आर.पी.एस.) और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटील (आई.पी.एस.) के निकटतम सुपरविजन में हमीरवास थाना पुलिस ने कुल छह व्यक्तियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है और उनके तीन वाहन जब्त किए हैं।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में आदतन अपराधी प्रवृत्ति के तीन मुख्य लोग शामिल हैं, जो किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनमें राकेश कुमार उर्फ रिकु (27 साल, निवासी खैरू बड़ी) शामिल है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, और आर्म्स एक्ट जैसे 8 संगीन मामले दर्ज हैं। दूसरा, कृष्ण कुमार (31 साल, निवासी कांधराण) है, जिस पर हत्या और मारपीट सहित 9 मामले दर्ज हैं। तीसरा मुख्य आरोपी अरविन्द्र उर्फ मोनू (31 साल, निवासी टोडा ढाणी, भिवानी, हरियाणा) है, जिसके खिलाफ लूट, डकैती, और हत्या के प्रयास जैसे 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इन शातिर अपराधियों को समय रहते गहनता से पूछताछ के लिए शांति भंग में गिरफ्तार किया।
इसके अलावा, पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों – आशीष (19), अंकित कुमार (21), और संदीप कुमार (23) (तीनों निवासी हरपालु सावल) को भी गिरफ्तार किया है। इन्हें थाना क्षेत्र में एक सामाजिक कार्यक्रम में बाधा डालने के आरोप में शांति भंग के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


