(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|धार्मिक नगरी पुष्कर में सोमवार को सनातनियों का महाकुंभ होगा । बागेश्वर धाम के पीठीधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा नया मेला मैदान में तीन दिवसीय होगी। रविवार को बागेश्वर धाम हनुमंत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं से अफरातफरी मच गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक के बाद एक पांच महिलाओं को अपना शिकार बनाया। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए तनाव और भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिससे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अजमेर से आई एक महिला का मंगलसूत्र बदमाशों ने झपट लिया। वहीं, बजरंग कॉलोनी निवासी महिला की करीब तीन तोले की सोने की चेन तोड़ ली गई। इस घटना से महिला घबरा गई और मौके पर ही अचेत हो गई। इसके अलावा पुष्कर पावर हाउस की ढाणी क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला की भी तीन तोले की सोने की चेन तोड़ने का मामला सामने आया है, जिसकी रिपोर्ट पुष्कर थाने में दर्ज करवाई गई है। अन्य दो महिलाओं के साथ भी इसी तरह की वारदात हुई, हालांकि उन्होंने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पीड़ित महिलाओं को संभाला और प्राथमिक उपचार दिलाया। वहीं, चेन स्नेचिंग की लगातार घटनाओं से श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ितों और उनके परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा में पर्याप्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था नहीं थी।
दो पीड़ित महिलाओं ने पुष्कर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। इस घटना के बाद प्रशासन से मांग की जा रही है कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।










