विधिवत पूजा-अर्चना के बाद संभाली जिम्मेदारी, विधायक रामकेश मीणा सहित जनप्रतिनिधियों व शहरवासियों ने दी शुभकामनाएं
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद गंगापुर सिटी के नवनिर्वाचित सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ एवं उपसभापति मुजाहिद खान का पदभार ग्रहण समारोह गुरुवार, 24 सितंबर को प्रातः 10 बजे नगर परिषद परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान ने नवनिर्वाचित सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ एवं उपसभापति मुजाहिद खान को विधिवत पदभार ग्रहण करवाया।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा रहे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदगण ने नगर परिषद की जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण समारोह को लेकर नगर परिषद परिसर में शहरवासियों एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।
पदभार ग्रहण करते ही सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ ने अपने माता-पिता, अपने मामा एवं पार्षद गिरधारी ठेकेदार तथा विधायक रामकेश मीणा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस भावुक एवं आत्मीय क्षण ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नगर परिषद परिसर पहुंचे और नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदों को जीत की बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास, आमजन की समस्याओं के समाधान तथा नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने की बात कही। समारोह में जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शहरवासियों की मौजूदगी रही।