चम्बल विभाग की लापरवाही से सड़क बनी मुसीबत,तीन साल से गड्ढों और गंदे पानी से जूझ रहे दो दर्जन गांवों के लोग

मुकेश खटीक
मंगरोप।निकटवर्ती पातलियास ग्राम पंचायत मुख्यालय में पातलियास–पीपली सड़क पर चम्बल विभाग की लापरवाही का खामियाजा पिछले करीब तीन वर्षों से आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण भुगत रहे हैं।इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है।वही बड़ी संख्या में मजदूर रीको एरिया स्थित फैक्ट्रियों में इसी रास्ते से जाते है।चम्बल विभाग के कर्मचारियों ने सड़क पर जलापूर्ति पाइपलाइन डालने के बाद गड्ढों को सही तरीके से नहीं भरा जिसके कारण यहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिनमें हमेशा गंदा पानी भरा रहता है।इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण शंकरलाल और गोपाललाल ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले चम्बल विभाग ने पीडब्ल्यूडी की भीलवाड़ा–पीपली सड़क को खोदकर जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन डाली थी।पाइपलाइन डालने के बाद विभाग ने जल्दबाजी में गड्ढों को भरवा दिया,लेकिन इस दौरान सीमेंट और कंक्रीट की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया।परिणामस्वरूप पहली ही बरसात में सड़क धंस गई और यहां एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गए।इन गड्ढों में आसपास की नालियों का गंदा पानी जमा हो जाता है,जिससे सड़क हर समय जलमग्न रहती है।इससे राहगीरों,बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसे का खतरा भी बना रहता है।