बिन्टू कुमार
नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चांदपुरी की 75 वर्षीय प्रशासक एवं सरपंच मिश्री देवी पत्नी हरद्वारी लाल शर्मा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थीं और वे पिछले 15 दिन से अस्वस्थ चल रही थी। उनका उपचार जयपुर के एक निजी अस्पताल से चल रहा था। शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए बानसूर ले जाया जा रहा था, जहां सुबह करीब 8.30 बजे अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके निवास स्थान पर पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे। थानागाजी विकास अधिकारी आमीर अली खान ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि मिश्री देवी पंचायत समिति क्षेत्र की सबसे उम्रदराज सरपंच थीं। उन्होंने वर्ष 2020 में चांदपुरी ग्राम पंचायत के सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली थी और कार्यकाल पूर्ण होने के बाद वर्तमान में प्रशासक के रूप में सेवाएं दे रही थीं। मिश्री देवी अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार वे सादगीपूर्ण जीवन, मिलनसार स्वभाव और जनसेवा की भावना के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने हमेशा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी और पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहीं। उनके निधन से पंचायत क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
