बजरंग आचार्य
सादुलपुर:- स्मार्ट हलचल|सुप्रसिद्ध ददरेवा मेले में मूलभूत सुविधाओं के अभाव, मनमाने शुल्क और कथित अवैध वसूली से त्रस्त सैकड़ों ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों ने राजगढ़ उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया और नियमों के विरुद्ध चल रही वसूली पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि मेले में रस्से की बोली 66 लाख 40 हजार रुपये में छूटने के बावजूद विकास के नाम पर एक धेला खर्च नहीं किया गया। मेला परिसर में बिजली और पीने के पानी की भीषण किल्लत है, वहीं चारों ओर गंदगी का साम्राज्य बना हुआ है। निर्धारित नियमों को दरकिनार कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है।
प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई के बाद ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद राहुल कस्वां से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद कस्वां ने तत्काल चूरू के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों के विपरीत हो रही किसी भी प्रकार की वसूली या मनमानी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और मेले की सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार सुनिश्चित की जाएं।
ग्रामीणों ने रस्सा बोली से प्राप्त आय का हिसाब सार्वजनिक करने तथा सफाई, प्रकाश व पेयजल व्यवस्था तुरंत सुधारने की मांग की है। इस दौरान पूर्व सरपंच पुलाराम शर्मा, बलवान कालेर, रणवीर खींचड़, गोपीराम छिंपा, भीम सिंह, दुलीचंद वालिया, समुंदर, जगदीश, हेमंत, सुरेश, वेदपाल, राजकुमार कालेर, सीसराम मेला, संदीप सारड़ा और आनंद रूलानिया सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे
