छप्पन भोग और नौका विहार से गूंजा सिद्धबली धाम, श्रीनाथजी के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद आज़ाद शाखा की ओर से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्धबली हनुमान मंदिर आश्रम में प्रभु श्रीनाथजी के ‘छप्पन भोग’ एवं ‘नौका विहार’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
आयोजन में महंत सीताराम दास महाराज, मदन मोहन दास महाराज, संत दास महाराज एवं जोगेश्वर दास महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। परिषद परिवार की मातृशक्ति एवं आमजन के सहयोग से एकत्रित 56 प्रकार के भोग प्रभु को अर्पित किए गए, जिसे बाद में महाप्रसाद के रूप में वितरित किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी सहित कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। भजन गायक दिव्यांशु जी महाराज एवं दीपक जी गंधर्व ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन का समापन हुआ।