Homeभीलवाड़ाहर्षोल्लास व उत्साह से मनाया जाएगा, लोक आस्था का छठ महापर्व, सूर्योपासना...

हर्षोल्लास व उत्साह से मनाया जाएगा, लोक आस्था का छठ महापर्व, सूर्योपासना के साथ शुरु हुआ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बिखरेंगी छटा

भीलवाड़ा/लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व शनिवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गया है। स्वच्छता, संयम और श्रद्धा का यह पर्व 28 अक्टूबर तक पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के तत्वावधान में भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया जाएगा। समिति द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया गया कि पहले दिन 25 अक्टूबर को नहाय-खाय, दूसरे दिन 26 अक्टूबर को खरना, तीसरे दिन 27 अक्टूबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य, और अंतिम दिन 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर यह महापर्व संपन्न होगा। खरना के बाद से व्रती पुरुष एवं महिलाएं लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर माता छठ की आराधना करते हैं। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति द्वारा इस वर्ष भी छठ पर्व का आयोजन मानसरोवर झील एवं पांसल चौराहे स्थित वाटर वर्क्स परिसर में भव्य रूप से किया जाएगा। समिति के अनुसार दोनों स्थलों पर लगभग 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूजा स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मानसरोवर झील परिसर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। वृंदावन और मथुरा से आए कलाकारों द्वारा झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था के सख्त प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन और समिति के सदस्य लगातार स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। भीलवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान बन चुका पर्व समिति संरक्षक निम्बार्क आश्रम के महंत मोहनशरण शास्त्री महाराज ने बताया कि यह पर्व अब भीलवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। समिति का उद्देश्य व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसके लिए हर वर्ष बेहतर व्यवस्थाएँ की जाती हैं। समिति अध्यक्ष अरुण राय ने शहरवासियों से अपील की है कि सभी श्रद्धालु अनुशासन, स्वच्छता और एकता के साथ इस पावन पर्व में सम्मिलित होकर आस्था की इस परंपरा को आगे बढ़ाएँ। इस अवसर पर समिति के संरक्षक विजयानंद झा, अशोक सिंह, सचिव ओमप्रकाश सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्णा महतो, दिनेश सरनी, रोशन सिंह और सुरेश चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES