अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग की पहल, वेबेक्स के माध्यम से दो सत्रों में विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
जयपुर 10 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर जागरूकता के प्रति सजग करने के उद्देश्य से 12 मार्च को एक विशेष ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम वेबेक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित होगा, जिसमें स्कूल और कॉलेजों में अध्ययनरत अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस सिविल राइट्स एवं एएचटी लता मनोज कुमार ने बताया कि इस ऑनलाइन बैठक का उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं की सुरक्षा के लिए चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा राजकॉप एप जैसे सुरक्षा से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग के बारे में अवगत कराना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के तहत दो अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहला सत्र सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें डिजिटल युग में साइबर जागरूकता एवं महिला सुरक्षा विषय पर उप महानिरीक्षक साइबर अपराध श्री विकास शर्मा विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
दूसरा सत्र दोपहर 12:01 बजे से 1:00 बजे तक आयोजित होगा। इस सत्र में उप महानिरीक्षक अपराध शाखा श्री दीपक भार्गव नवीन न्याय संहिता एवं महिला सुरक्षा विषय पर जानकारी देंगे। वे नए आपराधिक कानूनों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे।
इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को जागरूक बनाना और उन्हें डिजिटल तथा सामाजिक परिवेश में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और किसी भी प्रकार के अपराध से बचाव कर सकें।
