चौबीसा ब्राह्मण हितकारी समिति का युवा शक्ति सम्मेलन अब 19 जुलाई को, तैयारियाँ शुरू

उदयपुर 6 जुलाई
स्मार्ट हलचल।चौबीसा ब्राह्मण हितकारी समिति, उदयपुर की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सेक्टर 14 स्थित समिति के निर्माणाधीन भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संरक्षक डॉ. शरद चंद्र पुरोहित ने की।
समिति के महासचिव हरीश चौबीसा ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से ‘चौबीसा युवा शक्ति सम्मेलन’ एवं ‘वार्षिक आम सभा’ की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यह कार्यक्रम पहले 12 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन इसी दिन ‘विप्र फाउंडेशन जोन 1 A’ द्वारा भी विप्र युवाओं के सम्मान का कार्यक्रम रख दिया गया। दोनों भव्य आयोजनों का समय एक ही होने के कारण समाज के युवाओं में किसी भी प्रकार का असमंजस (कंफ्यूजन) न रहे, इसे ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से कार्यक्रम की तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। अब यह आयोजन 19 जुलाई 2026 (रविवार) को संपन्न होगा।
इन प्रतिभावान युवाओं का होगा सम्मान:
महासचिव ने बताया कि सम्मेलन में चौबीसा समाज के उन युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने जनवरी 2021 के बाद निम्नलिखित क्षेत्रों में सफलता हासिल की है:
केंद्र या राज्य सरकार के अधीन राजपत्रित अथवा अराजपत्रित पद पर नियुक्ति।
कॉर्पोरेट/प्राइवेट सेक्टर में सम्मानजनक पदों पर चयन।स्वयं का स्टार्टअप, उद्योग या नया बिजनेस स्थापित करने वाले युवा उद्यमी।
विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र।विद्यावाचस्पति की उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थी।
वार्षिक आम सभा और उपसमिति का गठन:
इसी दिन समिति की वार्षिक बैठक (आम सभा) भी आयोजित होगी, जिसमें संस्था द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की समीक्षा, वर्षभर के आय-व्यय का ब्यौरा तथा समिति के आगामी प्रोजेक्ट्स और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी। 19 जुलाई के इस भव्य समागम को सुचारू और सफल बनाने के लिए बैठक में एक विशेष उपसमिति का भी गठन किया गया है।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा, मधु श्याम चौबीसा, कोषाध्यक्ष मनोहर लाल चौबीसा, सह कोषाध्यक्ष अरुण चौबीसा, उपाध्यक्ष शांतिलाल चौबीसा, कार्यकारिणी सदस्य प्रफुल्ल चौबीसा, गजेंद्र चौबीसा और अशोक मंडावत सहित समाज के कई प्रबुद्धजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।