भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी एक बार फिर ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। इष्टदेव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव ‘चेटीचण्ड’ के पावन अवसर पर 19 मार्च गुरुवार को सिन्धी समाज द्वारा एक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति और अटूट अनुशासन का ‘त्रिवेणी संगम’ होगी। भीलवाड़ा के सिन्धी समाज ने इस बार ‘चेटीचण्ड पर वाहन रैली’ को लेकर कमर कस ली है। 19 मार्च, गुरुवार को सुबह 9 बजे चित्रकूट धाम से इस भव्य यात्रा का शंखनाद होगा। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार रैली में ‘हेरिटेज कारें’, ‘ओपन जीप’ और ‘ड्रोन से पुष्प वर्षा’ आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
खास ड्रेस कोड और अनुशासन:
समाज ने एकजुटता दिखाने के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया है। जहाँ महिलाएँ लाल वस्त्रों में नज़र आएंगी, वहीं पुरुष सफेद कपड़ों में शक्ति और शांति का संदेश देंगे। वाहन रैली संयोजक विनोद झूरानी ने बताया कि रैली के दौरान अनुशासन सर्वोपरि रहेगा। सभी वाहन तीन कतारों (Lines) में चलेंगे और किसी भी हाल में लाइन नहीं तोड़ी जाएगी। लगभग 101 कार्यकर्ताओं की विशेष टीम पूरी राह व्यवस्था संभालेगी।
रैली की शुरुआत इष्टदेव भगवान झूलेलाल, माँ हिंगलाज और 9 कन्याओं के वैदिक पूजन से होगी। युवाओं के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट्स बनाए गए हैं, ताकि वे अपनी संस्कृति को सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया तक पहुँचा सकें। डीजे की धुन ओर जयकारों से पूरा शहर गूंज उठेगा।
यह रैली चित्रकूट धाम से शुरू होकर गर्ल्स कॉलेज गेट, जंगजीत महादेव, निरंकारी भवन, हेमु कालानी सर्कल, दिलीप डेयरी, बड़ला चौराहा, पारी माता मंदिर, भोपालपुरा रोड, सालासर बालाजी, टेम्पू स्टैंड, ब्रह्माणी स्वीट्स, सोलंकी टॉकीज, मोहनपान, बड़ला चौराहा, सिंधुनगर, कैलाश कृपलानी जी गली, गोविन्द धाम दरबार, संत कंवरराम सर्कल, अरबन बैंक, महाराणा टॉकीज, गांधी बाजार, सूचना केंद्र, राजीव गांधी मार्किट, परमा एन्ड संस कि दुकान, गोल प्याऊ, इंदिरा मार्किट होते हुए रैली का भव्य समापन रेलवे स्टेशन के निकट पूज्य झूलेलाल मंदिर नाथद्वारा सराय पर होगा, जहाँ सामूहिक फोटो सेशन और फल-प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे मंदिर में ‘झंडा साहब’ की रस्म और महाप्रसादी का आयोजन होगा।
