उदयलाल आंजना के मुख्य आतिथ्य में होगा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह

 

शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रजा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी करेगी आयोजन, अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

निंबाहेड़ा, 15 जून, 2026(ज़ाकिर हुसैन)

स्मार्ट हलचल।नगर निंबाहेड़ा में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय योगदान दे रही जानी-मानी संस्था रजा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आगामी 12 जुलाई 2026 रविवार को कुसुम गार्डन में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। संस्था वर्षों से शिक्षा के प्रसार, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, सामाजिक उत्थान तथा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान के माध्यम से समाज में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है।

इसी क्रम में रविवार को संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद फारूक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन राजस्थान के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ जननेता उदयलाल आंजना के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।

समारोह में अल्पसंख्यक समुदाय के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने डिग्री, डिप्लोमा एवं विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। संस्था का मानना है कि प्रतिभाओं का सम्मान न केवल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करता है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी निर्मित करता है।

संस्था के नायब सदर रशीद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को ‘शान-ए-शहर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उर्दू भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को प्रतिष्ठित ‘मैकश अजमेरी उर्दू अवार्ड’ भी प्रदान किया जाएगा।

संस्था के सचिव एडवोकेट यासीन ने बताया कि कार्यक्रम को प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से दिल्ली के सुप्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर अखलाक उस्मानी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण, प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी तथा करियर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

बैठक के दौरान आमिर अनवर ने अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी डिग्री, डिप्लोमा एवं बोर्ड परीक्षाओं की अंकतालिका (मार्कशीट) की छायाप्रति निर्धारित समयावधि में रजा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उन्हें प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक मेधावी विद्यार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का आधार होती है और प्रतिभाओं का सम्मान ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी प्रेरणा है।