शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन
रायपुर, स्मार्ट हलचल। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड गंगापुर द्वारा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को विशाल धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष बालमुकुंद वैष्णव एवं मंत्री विभुराज सिंह चौहान ने किया।
जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र वैष्णव ने बताया कि ज्ञापन में ग्रीष्मावकाश में कटौती बंद करने, तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण करने, लंबित पदोन्नतियां शीघ्र करने तथा वर्ष 2019 से क्रमोन्नत विद्यालयों में वित्तीय स्वीकृति जारी कर स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार पद सृजित कर नियुक्तियां करने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा आरजीएचएस योजना को सुचारू रूप से संचालित रखने, प्रबोधक एवं तृतीय वेतन श्रृंखला शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
महासंघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 28 मई तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 29 मई को जिला स्तर पर पुनः धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों शिक्षक डाक बंगला से रैली के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचे और सरकार एवं अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र वैष्णव, खंड अध्यक्ष बालमुकुंद वैष्णव, शिक्षिका बीजू पंवार एवं पूर्व अध्यक्ष गोवर्धन लाल स्वर्णकार सहित कई वक्ताओं ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
इस अवसर पर खंड मंत्री विभुराज सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राणवा, रामप्रसाद सुवालका, अवधेश Kumar शर्मा, गोवर्धन लाल स्वर्णकार, ओमप्रकाश व्यास, लक्ष्मण सिंह शेखावत, रजत राज मेहडू, सुरेश चंद्र बुलीवाल, मुकेश सिंह बड़वा, नवरतन मल सेन, सांवरमल अग्रवाल, सीमा सेन, बीजू पंवार, बहादुर बंजारा, विजय सिंह चुंडावत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
