दो पट्टे वितरित, तीन भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी; लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर परिषद सभागार में सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 290 नागरिकों ने भाग लिया, जिनमें 180 महिलाएं और 110 पुरुष शामिल रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागीय सेवाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में अतिरिक्त निदेशक, स्वायत्त शासन विभाग जयपुर डॉ. अशोक कुमार, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, आयुक्त कीर्ति कुमावत और उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
पट्टे और भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी
शिविर में धारा 69-ए के तहत दो पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा तीन भवन निर्माण स्वीकृतियां तथा एक उपविभाजन आदेश पत्र जारी किया गया। आमजन को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रकरणों का त्वरित समाधान करना रहा।
दिसंबर तक पूरा करें नक्शा प्रोजेक्ट
अतिरिक्त निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ देने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा प्रोजेक्ट पायलट योजना की समीक्षा करते हुए इसका कार्य दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। साथ ही स्ट्रीट लाइट एवं अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर राजस्व अधिकारी मोहिन्द्रराय फुलवारी, पैरोकार मनोज कुमार शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी दमयंती जयपाल सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।