शहरी सेवा शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित, विधायक कृपलानी ने किया अवलोकन

नगर परिषद को मिला 1.30 करोड़ रुपये का राजस्व, चार समाजों को रियायती दर पर भूखंडों के पट्टे सौंपे

निंबाहेड़ा।स्मार्ट हलचल।राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन को राहत एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत मंगलवार को नगर परिषद निंबाहेड़ा में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा नगर परिषद को विभिन्न स्रोतों से करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की राजस्व आय प्राप्त हुई।

शिविर के मुख्य अतिथि पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने शिविर का अवलोकन करते हुए नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं एवं विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में करीब 22 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश बुनकर, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, नगर प्रवक्ता सुनील चाष्टा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नगर परिषद आयुक्त कौशल कुमार खटूमरा ने बताया कि शिविर के दौरान विधायक कृपलानी एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए। विधायक कृपलानी ने नगर परिषद द्वारा रियायती दर पर वसीटा धोबी समाज, देव गुर्जर समाज, नारायणी सेवा संस्थान सेन समाज तथा मीणा समाज को भूखंडों के पट्टे सौंपे।

इसके अलावा शिविर में 2 कृषि भूमि रूपांतरण प्रकरणों, 6 भूमि हस्तांतरण पत्रों तथा 6 भवन निर्माण स्वीकृति पत्रों का भी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री शहरी रोजगार योजना के तहत 9 लाभार्थियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 3 हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही 3 दंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

आयुक्त खटूमरा ने बताया कि शिविर के माध्यम से नगर परिषद को अब तक लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये की राजस्व आय प्राप्त हुई है, जो नगर विकास कार्यों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ऐसे शिविरों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।