बुधवार को विजय पैलेस में स्वच्छता सैनिकों का होगा सम्मान, नियमित एवं संविदा कर्मचारियों को किया जाएगा सम्मानित
मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने मंगलवार शाम 5 बजे अपने कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित कर शहरवासियों से स्वच्छ गंगापुर-स्वस्थ गंगापुर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।सभापति गोयल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर परिषद की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भी है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर एक डस्टबिन रखें और कचरे को सड़क पर इधर-उधर डालने के बजाय उसमें एकत्रित करें। नगर परिषद के ऑटो टिपर में नियमित रूप से कचरा डालें। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ दीपावली के बाद नगर परिषद सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगी।
उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर 3 बजे स्थानीय विजय पैलेस में स्वच्छता सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर के सभी वार्डों में नगर परिषद द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान में सहयोग देने वाले ऑटो टिपर चालकों एवं परिचालकों, रोड लाइट ठीक करने वाले कर्मचारियों सहित सभी नियमित एवं संविदा कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।सभापति ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सम्मान समारोह के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा तथा उनके योगदान की सराहना की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग कर गंगापुर सिटी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता के दौरान वार्ड पार्षद पंकज मंगलम, वार्ड 49 के पार्षद विजय गुप्ता, पार्षद पदम जोशी एवं गिर्राज खेड़ापति भी उपस्थित रहे।