तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों में आक्रोश: बकाया वेतन, ईएसआई व स्थायी नियुक्ति सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

जोबनेर।स्मार्ट हलचल|नगरपालिका मंडल जोबनेर में ठेका प्रणाली के तहत कार्यरत 24 सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बकाया वेतन एवं अन्य मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी लगातार चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है और कर्मचारियों में अपनी मांगों को लेकर आक्रोश बना हुआ है। सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपखण्ड अधिकारी व अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। कर्मचारियों की ओर से वरिष्ठ प्रारूपकार पिंकी राजोरा को अधिशासी अधिकारी के नाम तथा नायब तहसीलदार सोहनलाल जाट को उपखण्ड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
रोहित गुजराती व दीपक तेजी ने बताया कि 24 सफाई कर्मचारी पिछले करीब 5 से 6 वर्षों से नगर की सफाई व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों को पूर्व में भी समय पर वेतन नहीं मिलता रहा है और कई बार दो-दो माह के अंतराल से भुगतान किया गया। कर्मचारियों ने ठेका व्यवस्था, ठेकेदार, वेतन भुगतान और सेवा शर्तों में पारदर्शिता की भी मांग की।
*स्थायी नियुक्ति की मांग*:- कर्मचारियों ने वर्ष 2026 की सफाई कर्मचारी भर्ती में नगरपालिका जोबनेर में वर्तमान में कच्चे, निविदा एवं ठेका व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे इन 24 सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता देते हुए भर्ती में शामिल करने तथा स्थायी नियुक्ति देने की मांग की। इसके अलावा कर्मचारियों ने वर्तमान में जमादार के पद पर कार्यरत नंदकिशोर लखन, लालचंद मट्ठू एवं सीतराम मट्ठू को यथावत रखने की मांग भी रखी।
*ईएसआई और सुरक्षा सुविधाओं की मांग*:- ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों को ईएसआई का लाभ उपलब्ध करवाने की मांग की गई। कर्मचारियों का कहना है कि ठेका या अस्थाई व्यवस्था में कार्यरत होने के बावजूद उन्हें श्रमिकों के लिए निर्धारित वैधानिक सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।
सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई, ताकि कार्य के दौरान उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से समझौता न हो।
*11 सूत्रीय मांगें रखीं*:-
ज्ञापन में कर्मचारियों ने तीन माह का बकाया वेतन तत्काल दिलाने, भविष्य में प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, ठेकेदार एवं सेवा शर्तों की जानकारी उपलब्ध करवाने, ईएसआई सहित वैधानिक सुविधाएं देने, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने, कार्य समय एवं वेतन व्यवस्था में पारदर्शिता रखने तथा शिकायतों के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त करने सहित कुल 11 मांगें रखीं।
कर्मचारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच करवाकर यह सुनिश्चित करने की मांग की कि भविष्य में वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं हो।
ज्ञापन के साथ बकाया वेतन वाले 24 सफाई कर्मचारियों की सूची भी संलग्न की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।
इस अवसर पर नंदकिशोर, लालचंद, सीताराम, गणेश, संजय, विक्की, रोहित गुजराती, दीपक तेजी, महेश लखन, देवीलाल, अजय पंवार उपस्थित रहे।