33,969 करोड़ के राजस्व संग्रह के साथ पहली तिमाही में 11.54% की बढ़ोतरी, तकनीक और डिकॉय ऑपरेशन से टैक्स चोरी पर लगेगा अंकुश
जयपुर/भीलवाड़ा |स्मार्ट हलहल|मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्व अर्जन से जुड़े विभागों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राजस्व चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। अधिकारियों को पहली से अंतिम तिमाही तक राजस्व संग्रहण की गति बनाए रखने और आधुनिक तकनीकों के जरिए कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
गुरुवार को राजस्व अर्जन से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व संग्रहण प्रदेश के विकास और जनकल्याण की रीढ़ है। उन्होंने अधिकारियों को डिकॉय ऑपरेशन चलाने, नवीन तकनीकों का अधिकतम उपयोग करने तथा अन्य राज्यों की सफल कर प्रणालियों का अध्ययन कर राजस्थान में लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में प्रदेश को 33,969 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11.54 प्रतिशत अधिक है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, फर्जी करदाताओं पर कार्रवाई और तकनीकी सुधारों के चलते राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने जीएसटी रिटर्न फाइलिंग में सख्ती, लंबित न्यायालयीन मामलों की प्रभावी पैरवी तथा कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर चोरी रोकने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और नियमित समीक्षा भी हो।
बैठक में अवैध खनन, अवैध शराब और अवैध वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने खान विभाग को जीपीएस और सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था लागू करने, आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करने तथा परिवहन विभाग को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और अपंजीकृत बॉडी बिल्डरों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्माण कार्यों पर सेस वसूली मजबूत करने, यूआईटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई आवासीय योजनाएं तैयार करने तथा राजस्व विभाग को भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकसित और समृद्ध राजस्थान के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
