अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालय स्तरीय छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला ब्यावर के उदयपुर चुंगी नाका स्थित ‘महाविद्यालय स्तरीय अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) बालिका छात्रावास’ में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस छात्रावास में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
SSO आईडी के जरिए होगा आवेदन
छात्रावासों में प्रवेश पाने के लिए नए विद्यार्थियों को राजस्थान सरकार के आधिकारिक एसएसओ पोर्टल (sso.rajasthan.gov.in) पर जाना होगा। यहाँ विभाग के नवीन प्रवेश पोर्टल SJMS के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
पुराने विद्यार्थियों के लिए यह रहेगी प्रक्रिया
जो छात्र-छात्राएं पूर्व में भी इस महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास में प्रवेशित थे, उन्हें नए सिरे से पूरा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें केवल अपनी गत वर्ष की अंकतालिका (Mark-sheet) और एक प्रार्थना पत्र संबंधित छात्रावास अधीक्षक को प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद विभागीय नियमानुसार छात्रावास अधीक्षक द्वारा पोर्टल पर उनकी जानकारी ऑनलाइन कर प्रवेश का नवीनीकरण कर दिया जाएगा।
यहाँ मिलेगी विस्तृत जानकारी
छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और अन्य सामान्य दिशा-निर्देशों के विस्तृत विवरण के लिए विद्यार्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sje.rajasthan.gov.in पर विजिट कर सकते हैं। इसके अलावा ब्यावर स्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कार्यालय से भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
