सामुदायिक शौचालय में ताला, मेले में उमड़ी भीड़ के बीच बढ़ी परेशानी

थाने पहुंचने वाले फरियादियों से लेकर मेले में आई महिलाओं और बच्चों को हो रही दिक्कत, नगर प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल

खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में बुनियादी सुविधाओं को लेकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। थाना परिसर के पास स्थित सामुदायिक शौचालय में ताला लगा होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर इन दिनों नगर पंचायत में चल रहे पांच दिवसीय मेले के कारण आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने से महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।
शुक्रवार को मेले में पहुंचे कई लोगों ने सामुदायिक शौचालय के बाहर ताला लगा देखा। मेले के नजदीक होने के बावजूद शौचालय का उपयोग न हो पाने से लोगों को सार्वजनिक सुविधा के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। वहीं थाना पहुंचने वाले फरियादियों और कस्बे में दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए भी यह परेशानी का कारण बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पूर्व नगर पंचायत बनने के बाद कस्बे में नागरिक सुविधाओं के बेहतर होने की उम्मीद जगी थी। लेकिन सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए सामुदायिक शौचालय में लंबे समय से ताला लगा होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से शौचालय को नियमित रूप से खुलवाने और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे पांच दिवसीय मेले में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता सामान्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि मेले के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा को देखते हुए शौचालय खुला रहना चाहिए।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि सामुदायिक शौचालय में ताला लगे होने की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि ऐसा है तो शौचालय को जल्द खुलवाया जाएगा।
अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन लोगों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए सामुदायिक शौचालय को नियमित रूप से संचालित कराता है।