शिकायत से जागा बिजली विभाग, टला बड़े हादसे का खतरा

अनिल कुमार खींची

वर्षों से खतरे की घंटी बना कमजोर विद्युत पोल बदला, नई पोल पर शिफ्ट की लाइन; तिलोक तालेपा की पहल लाई रंग

स्मार्ट हलचल.ब्यावर।शहर के वार्ड संख्या 23 स्थित शाहपुरा मोहल्ले के दुर्गावास चौक में रामदेव मंदिर के पास वर्षों से कमजोर विद्युत पोल हादसे को न्योता दे रहा था। कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। आखिरकार सामाजिक कार्यकर्ता तिलोक तालेपा की पहल पर विद्युत विभाग ने समस्या का समाधान कर क्षेत्रवासियों को राहत दी।तिलोक तालेपा ने 22 अक्टूबर को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम के सीएसडी प्रथम के अधिकारियों ने 11 नवंबर को कार्रवाई की। विभागीय टीम ने कमजोर विद्युत पोल को हटाकर विद्युत लाइन को नए पोल पर शिफ्ट कर दिया।

कई वर्षों से बनी इस समस्या का समाधान होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और विद्युत विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

सामाजिक कार्यकर्ता तिलोक तालेपा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। वार्ड को समस्यामुक्त बनाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।