पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के सानिध्य में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता से की मुलाकात, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शहर की अघोषित बिजली कटौती एवं अधूरे जीएसएस कार्य शीघ्र पूर्ण करने की उठाई मांग
चित्तौड़गढ़, 24 जुलाई। स्मार्ट हलचल|पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के सानिध्य में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, चित्तौड़गढ़ शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने तथा अभयपुर, नाहरगढ़ एवं सिरोड़ी क्षेत्र के अधूरे पड़े जीएसएस निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वर्तमान में किसानों की फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान विद्युत आधारित सिंचाई पर निर्भर हैं, लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही चित्तौड़गढ़ शहर में भी लगातार अघोषित बिजली कटौती से आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी एवं घरेलू उपभोक्ता परेशान हैं। बार-बार बिजली बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, इसलिए शहर में निर्बाध एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि अभयपुर, नाहरगढ़ एवं सिरोड़ी के जीएसएस निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अभयपुर एवं नाहरगढ़ जीएसएस के कार्यादेश अजमेर कार्यालय से जारी किए जा चुके हैं तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि किसानों एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अधूरे जीएसएस निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की जाए।
प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम जाट, प्रदेश सचिव रणजीत लोट, विधानसभा चुनाव प्रभारी नगेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष मोहनसिंह भाटी, आरजीपीआरएस प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद पालीवाल, मंडल अध्यक्ष दिनेश सोनी, अध्यक्ष अर्जुन रायका, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कमल गुर्जर, अभयपुर सरपंच रघुवीर सिंह ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गेहरूगिरी गोस्वामी, एससी विभाग जिला अध्यक्ष राकेश घारू, सत्यनारायण सेन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
