डायनासोर की तरह समाप्त हो रही है अब कांग्रेस-राजनाथ सिंह
(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
बलिया(यूपी)। स्मार्ट हलचल/देश के केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सिकंदरपुर गांधी इंटर कालेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा
को संबोधित करते हुए कहा कि सपा को अब लोग समाप्तवादी पार्टी कह रहे हैं। 2014 में ही साइकिल की चेन उतर गई थी, जो 2017 और 2022 में भी नहीं चढ़ सकी। 2024 में भी नहीं चढ़ेगी। कांग्रेस को लोगों ने अब लुप्त पार्टी मान लिया है। जिस तरह से विश्व में डायनासोर समाप्त हो गए, ठीक उसी तरह कांग्रेस भी अब समाप्त हो रही है।
इस दौरान केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम सरकार बनाने के लिए काम नहीं करते, हम देश बनाने के लिए काम करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार हो या नरेंद्र मोदी की, सरकार ने देश के लिए बहुत कुछ किया। भारत के प्रति दुनिया में 2014 के पहले कंगाल भारत, गरीब भारत, कमजोर भारत के रूप में पहचान थी। कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है।
चुनावी जनसभा में उन्होंने कहा कि 2004 से पहले वाजपेयी की सरकार थी तो भारत की अर्थव्यवस्था देश में 11वें पायदान पर थी। 2004 से 2014 तक कांग्रेस की यूपीए सरकार रही। इन 10 वर्षों में भी भारत की अर्थव्यवस्था परिवर्तित नहीं हुई। 2014 से 2024 तक की 10 वर्षों की मोदी सरकार ने 56 इंच का सीना चौड़ा कर भारत की अर्थव्यवस्था को पांचवें पायदान पर लाने में सफलता अर्जित की। 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी।
उन्होंने कहा कि आजाद भारत में लंबे समय से मतदान करके आम नागरिक जागरूक हो चुका है। चार चरणों का चुनाव समाप्त होने के बाद भारत ही नहीं दुनिया के लोग मानने लगे हैं कि मोदी सरकार 400 पार करने जा रही है। राजनीति में मैंने कभी भी आंखों में धूल झोंकने का काम नहीं किया है।
बलिया की बागी धरती पर में गरमाई राजनीति!
केंद्रीय रक्षामंत्री ने कहा कि हमने अनुच्छेद 370 खत्म करने का वादा किया था, पूर्ण किया। हम राम मंदिर बनाने की बात करते थे तो सपा और कांग्रेस कहती थी यह लोग सिर्फ राम मंदिर बनाने की बात करते हैं, लेकिन तारीख नहीं बताते हैं। हमने तारीख भी बताई और आज भव्य भगवान राम का मंदिर का निर्माण भी हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कहा कि अब राम राज्य भी आएगा। जिस दिन लोगों में दायित्व बोध, कर्तव्य बोध आएगा उसी दिन राम राज्य की स्थापना हो जाएगी। हमने कहा था कि तीन तलाक खत्म करेंगे। हमारे लिए सभी धर्म एक समान हैं। अगर किसी धर्म की महिलाओं पर अत्याचार होगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।













