सावर में कांग्रेस का ‘शांतिपूर्ण संवाद’ कार्यक्रम, निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने बनाई रणनीति

हर बूथ को मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने पर जोर, डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने का किया आह्वान
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|सावर नगर पालिका क्षेत्र में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सावर में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए ‘शांतिपूर्ण संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. रघु शर्मा के सानिध्य में नगर कांग्रेस कमेटी ,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत के पूर्व चेयरमैन विश्वजीत सिंह शक्तावत,महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश कांसोटिया,नगर अध्यक्ष कन्हैया लाल माली,पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत करने, मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ पूरी सक्रियता से जनता के बीच पहुंचने, आमजन की समस्याओं को सुनने और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की तैयारियों, वार्ड स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा स्थानीय मुद्दों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और चुनाव में एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम को आगामी नगर पालिका चुनाव से पहले सावर में कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।