संगठन सृजन अभियान के तहत इटावा पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा, 2027 से पहले संगठन मजबूत करने पर जोर

इटावा। स्मार्ट हलचल|कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं एआईसीसी आब्जर्वर रामकृष्ण ओझा तथा पीसीसी आब्जर्वर प्रकाश प्रधान मदन मोहन शुक्ला बुधवार को इटावा पहुंचे। जिला कांग्रेस कार्यालय पर उनके आगमन पर जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, सतीश नागर जिला उपाध्यक्ष, अम्बुज त्रिपाठी जिला महामंत्री, और शहर अध्यक्ष राशिद खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटका एवं माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा ने कहा कि कांग्रेस स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ किसानों, बेरोजगारों, युवाओं, महिलाओं तथा महंगाई जैसे जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर जनहित के संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में रामकृष्ण ओझा ने संगठन सृजन अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के चुनाव और संगठनात्मक प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश के सभी जनपदों में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम का इटावा में तीन से चार दिनों का प्रवास रहेगा। इसके बाद पुनः पांच दिवसीय प्रवास किया जाएगा। इस दौरान शहर, विकासखंड और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति को समझने और उसे मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रामकृष्ण ओझा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में सांप्रदायिकता और नफरत का माहौल लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति लोगों के विश्वास को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने इसे सरकार की बड़ी नाकामी बताया।
रामकृष्ण ओझा ने कहा कि देश के छात्र, नौजवान, बेरोजगार, महिलाएं तथा शोषित-वंचित और गरीब वर्ग कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को इन वर्गों के लिए उम्मीद की किरण बताते हुए दावा किया कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां लेकर आएगा।
कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूती देने का संकल्प दोहराया।

➡️ विभिन्न दलों के 50 लोग कांग्रेस में शामिल

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वाचस्पति दुबे के नेतृत्व में विभिन्न दलों से आए आधा सैकड़ा से अधिक पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। सदस्यता लेने वालों में श्रीमती प्रतिमा अग्निहोत्री, सपा कार्यकर्ता करतार सिंह नगला कन्हई जसवन्तनगर, अधिवक्ता हेमंत तिवारी, अतुल पाण्डेय, अनुराग शर्मा, राहुल तिवारी, उमेश तिवारी सहित 50 लोग शामिल रहे।