पंचायत चुनाव टालने पर कांग्रेस का बिगुल: सड़क पर उतरेगी पार्टी, जाट का ऐलान

(महेन्द्र नागौरी)

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा  पंचायत एवं निकाय चुनाव टालने के फैसले के विरोध में कांग्रेस अब आक्रामक तेवर में नजर आ रही है। पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने साफ चेतावनी दी है कि अगर चुनाव जल्द नहीं कराए गए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के तत्वावधान में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत मॉडल क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सरकार के फैसले के खिलाफ आवाज बुलंद की।
पूर्व मंत्री जाट ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ हैं, इन्हें टालना जनादेश का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कांग्रेस इसके विरोध में गांव-गांव और बूथ स्तर तक आंदोलन चलाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि हर बूथ पर धरना-प्रदर्शन कर आमजन को जागरूक करें और लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई को मजबूत बनाएं। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर संगठन को और सशक्त करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर चुनाव कराने की मांग उठाई और सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।