लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनावों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और नियम-कायदों की खुलेआम अनदेखी किए जाने के गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेस प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि R.O. राज लक्ष्मी गहलोत द्वारा वार्ड नंबर 34 से संबंधित आपत्ति पर उपलब्ध तथ्यों एवं 7 वर्ष की सजा से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद आपत्ति को स्वीकार नहीं किया गया। कांग्रेस ने इसे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता के बजाय राजनीतिक दबाव को प्राथमिकता दी जा रही है। वार्डों में आचार संहिता के खुले उल्लंघन की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश जताया।
पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए। यदि किसी प्रत्याशी के संबंध में गंभीर आपत्ति और उसके समर्थन में दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध हैं, तो उसकी निष्पक्ष जांच किए बिना आपत्ति को खारिज करना पूरी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दबने या डरने वाले नहीं हैं। सत्ता के दबाव में लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक पुरजोर संघर्ष करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वार्डों में आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष चुनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी शिकायतों एवं आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव या पक्षपात की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाए।
इस दौरान चित्तौड़गढ़ नगर परिषद क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रातः 10:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।