नगर परिषद चुनाव: ब्यावर में कांग्रेस का जनसंपर्क तेज, नवनियुक्त पदाधिकारियों का साफा पहनाकर किया सम्मान

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|आगामी नगर परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर ब्यावर में कांग्रेस संगठन ने अपनी राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ कर दी हैं। शुक्रवार को अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष बिरदीचंद खोरवाल के चांग गेट स्थित कार्यालय पर ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का साफा एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए ज़िला अध्यक्ष बिरदीचंद खोरवाल ने कहा कि निकाय चुनाव केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि शहर के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से प्रत्येक वार्ड, बूथ और घर-घर तक पहुँचकर आमजन की समस्याओं को सुनें और कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रसार करें। खोरवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, अनुशासन और समर्पण से ही नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है।

कार्यक्रम के दौरान ब्यावर नगर कांग्रेस अध्यक्ष भरत बाघमार ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महँगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और स्थानीय समस्याओं की अनदेखी से जनता में भारी आक्रोश है। भाजपा ने विकास के नाम पर केवल खोखली घोषणाएँ की हैं, जबकि धरातल पर काम पूरी तरह ठप पड़े हैं। बाघमार ने दावा किया कि आगामी निकाय चुनाव में जनता भाजपा की अहंकारी नीतियों का करारा जवाब देगी।

बैठक में बूथ समितियों के गठन, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और वार्डवार जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सतीश जागृत, गणपति पंडित, विमला जूनवाल, मोतीलाल फुलवारी, बृजलाल दुलगज, मुकेश जोशी, अरविंद भटनागर, भगवान तंवर, मोहनलाल फौजी, घनश्याम फुलवारी, चेतन प्रकाश भट्ट एवं अशोक पंडित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।