कांग्रेस ने सैनिकों के सम्मान का मुद्दा उठाकर फूंका भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, शिवराम (जीपी) खटीक के नेतृत्व में गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च

(पंकज पोरवाल)
सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रीय एकता के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध: कुणाल ओझा

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ के कथित बयान के विरोध में शनिवार को भीलवाड़ा शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए और वहां से कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पुतले का दहन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने देश की सुरक्षा, वीर सैनिकों के सम्मान और आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकजुटता का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक दलों के नेताओं को जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ बयान देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने पुलवामा और पहलगाम में हुए आतंकी हमलों का उल्लेख करते हुए शहीद सैनिकों और आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे, जबकि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। इन घटनाओं ने पूरे देश को गहरे दुख में डाल दिया था। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। वीर सैनिकों का सम्मान, शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर एकजुटता बनाए रखना सभी का दायित्व है। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के कथित बयान पर विरोध जताते हुए जवाबदेही की मांग की। कुणाल ओझा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वीर सैनिकों के सम्मान, आम नागरिकों की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील राष्ट्रीय मुद्दों पर जिम्मेदारी पूर्ण बयानबाजी होनी चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने कार्यकर्ताओं से संगठन की एकजुटता बनाए रखने और जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया। प्रदर्शन में धर्मेंद्र पारीक, अनिल राठी, हारून रंगरेज, सत्यवीर सिंह राठौड़, योगेश सोनी, निसार सिलावट, अनिल डिडवानिया, अज्जू शेख, शिवालय घावरी, शंकरलाल शर्मा, रफीक बिसायती, अजय गुर्जर, राजकुमार माली, सुरेश बम्ब, ममता शर्मा और राजेश कर्णावट सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल एवं वार्ड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा पूर्व एवं वर्तमान कांग्रेस पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कहा गया कि संगठन लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, सैनिकों के सम्मान और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाता रहेगा।