कठूमर नगर पालिका की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा, सोरनदेई बनीं अध्यक्ष

दिनेश लेखी

12 मत लेकर भाजपा की मणि देवी को 4 मतों से हराया, पहली बार एससी महिला के लिए आरक्षित था अध्यक्ष पद

कठूमर। । स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव 2026 में कठूमर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सोरनदेई निर्वाचित हुईं। सोमवार को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में सोरनदेई को 12 मत मिले, जबकि भाजपा की प्रत्याशी मणि देवी को 8 मत प्राप्त हुए। इस तरह सोरनदेई ने 4 मतों से जीत दर्ज की।
सोरनदेई कठूमर नगर पालिका के वार्ड नंबर 16 से कांग्रेस की पार्षद निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। मतदान के बाद मतगणना में उन्हें 12 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी मणि देवी को 8 मत प्राप्त हुए।
कठूमर नगर पालिका में पहली बार अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (महिला) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोरनदेई को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
सोरनदेई के अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जीत पर खुशी जताते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।

*आज होगा नगर पालिका उपाध्यक्ष का चुनाव*

नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशियों के पास दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लेने का समय रहेगा।

यदि एक से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी तथा 22 सितंबर को ही उपाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।