बानसूर।स्मार्ट हलचल|कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का शनिवार कों अलवर जाते समय बानसूर में पूर्व उधोग मंत्री शकुंतला रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान डोटासरा ने कहा कि अब भाजपा डायलॉगबाजों की पार्टी बन गई है। मंचों से भाषण देना आसान है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने की नीयत नहीं है। डबल इंजन सरकार की यह सरकार केवल प्रचार तक सीमित हैं। जनता की असली समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।उन्होंने कहा कि राजस्थान में बजरी माफिया औंर भू माफिया हावी हैं।कानून व्यवस्था चौपट हैं। अमित शाह के जयपुर दौरे पर 4 हजार पुलिसकर्मी और 15 अफसर तैनात किए गए, आखिर इतनी सुरक्षा की जरूरत क्यों हैं। डोटासरा ने कहा कि जनता अब कांग्रेस और भाजपा के कार्यकाल की तुलना कर चुकी है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में महंगाई, किसान, युवा और महिलाओं के लिए ज़मीनी योजनाएं लागू कीं, जबकि भाजपा केवल कागज़ों पर विकास दिखा रही है।
भाजपा संविधान को कमजोर कर रही – डोटासरा
डोटासरा ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं को ईडी से डराने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी में शामिल होते ही हर कोई हरिश्चंद्र बन जाता है।भाजपा संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कीमत चुकाने को तैयार है। जनता ही लोकतंत्र की असली ताकत है। इस मौके पर पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, प्रधान सुमन सुभाष यादव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।