बून्दी विकास मंथन कार्यक्रम में बिरला के साथ कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा को देख हतप्रभ रह गये लोग

बून्दी-स्मार्ट हलचल।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से गुरूवार को नगर परिषद टाऊन हॉल में आयोजित बून्दी विकास मंथन कार्यक्रम में जब ओम बिरला के साथ कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा आये तो टाऊन हॉल में मौजूद सैकड़ों लोग हतप्रभ रह गये। जहां भाजपाई आपस में कानाफूसी करने लगे तो आमजन जिस उद्देश्य को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने बैठक बुलाई थी उसमें विधायक शर्मा को देखकर खुश नजर आये। मंच पर भी बिरला व शर्मा पास पास बैठे और गुप्तगूं करते दिखाई दिये ।

बून्दी विधायक हरिमोहन शर्मा ने टाऊन हॉल की सराहना करते हुए कहा कि इसका शिलान्यास मैंने किया था और उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने। शर्मा ने कहा कि टाऊन हॉल में आने का उनका यह पहला अवसर है। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि राजनीतिक विचारधारा भले अलग हो लेकिन बून्दी के विकास के लिए वह राजनीति से हटकर सहयोग करने की मंशा रखते है। उन्होंने बिरला के 500 करोड़ रूपये के बून्दी विकास के ब्लू प्रिंट की सराहना करते हुए मॉनीटरिंग की आवश्यकता पर जोर दिया।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का हक है। उन्होंने कहा कि आलोचनाओं से विकास कार्यों को ओर अधिक प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन करने में मदद मिलती है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कोटा हवाई अड्डे का नाम कोटा बून्दी रखना उनकी प्राथमिकता थी लेकिन इसको भी राजनीतिक रूप देने की कोशिश की गई। लोकसभा अध्यक्ष के साथ विधायक हरिमोहन शर्मा ने बून्दी विकास के लिए 500 करोड रूपये के ब्लू प्रिंट को देखा।