अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं, बदहाल सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को “जन आक्रोश आंदोलन” के तहत नगर परिषद का घेराव करेगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन को “नरक परिषद घेराव” नाम दिया गया है।
आंदोलन की तैयारी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा शहरभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर और बाजारों में जाकर नागरिकों को नगर परिषद की नाकामियों से अवगत करा रहे हैं और आंदोलन में भाग लेने की अपील कर रहे हैं।
बदहाल सुविधाओं और टैक्स वसूली पर घेरा
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने नगर परिषद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शहर में टूटी सड़कें, गड्ढे, कचरे के ढेर, बंद स्ट्रीट लाइटें, जाम नालियाँ और आवारा पशुओं का आतंक चरम पर है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक सुभाष उद्यान के तालाब पर जलकुंभी का कब्जा हो चुका है। इसके अलावा, नागरिकों से ₹50 कचरा शुल्क वसूले जाने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाएँ नहीं दी जा रही हैं। लंबे समय से आमजन की शिकायतों को अनदेखा किया जा रहा है।
आमजन से शामिल होने की अपील
ब्लॉक कांग्रेस के प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि ब्यावर के प्रत्येक नागरिक के हक और सुविधाओं के लिए है। कांग्रेस कमेटी ने शहर के व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों से दलीय राजनीति से ऊपर उठकर 29 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे अधिक से अधिक संख्या में नगर परिषद पहुँचने का आह्वान किया है।
अभियान का मुख्य संदेश: “नरक परिषद नहीं, जनहित परिषद चाहिए”
