ब्यावर में कांग्रेस का प्रचंड प्रदर्शन: 4 घंटे PMO का घेराव, ‘ब्यावर बंद’ की बड़ी चेतावनी!

अनिल कुमार

अमृतकौर अस्पताल की बदहाली पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा; मंत्रियों को काले झंडे दिखाने का ऐलान।

स्मार्ट हलचल|ब्यावर राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की चरमराई व्यवस्थाओं और विशेषज्ञों की कमी को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ‘आर-पार’ की लड़ाई का शंखनाद कर दिया। ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन की ईंट से ईंट बजाते हुए करीब 4 घंटे तक पीएमओ (PMO) का घेराव किया।

प्रशासन के हाथ-पांव फूले, ADM पहुंचे मौके पर
प्रदर्शन की उग्रता को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट को स्वयं मोर्चा संभालना पड़ा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद घेराव समाप्त हुआ।

“रेफरल सेंटर बन गया है अस्पताल”: अजय शर्मा
ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा ने तीखे प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक की लापरवाही के कारण अस्पताल अब केवल ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गया है, जहाँ गरीबों की जान से खिलवाड़ हो रहा है।

कांग्रेस का ‘अल्टीमेटम’ और रणनीति:

काले झंडे: ब्यावर आने वाले मंत्रियों का काले झंडों से कड़ा विरोध किया जाएगा।

सप्ताहिक रिपोर्ट: हर सोमवार को कांग्रेस का शिष्टमंडल पीएमओ से मिलकर सुधार की प्रगति रिपोर्ट लेगा।

ब्यावर बंद: यदि 15 से 30 दिनों में डॉक्टर नियुक्त नहीं हुए और व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो संपूर्ण ‘ब्यावर बंद’ का आह्वान किया जाएगा।

प्रमुख मांगें:
ज्ञापन में एनेस्थीसिया, सर्जन, गायनोलॉजिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट की तत्काल नियुक्ति, मेजर ऑपरेशन दोबारा शुरू करने और MRI मशीन लगाने जैसी प्रमुख मांगें उठाई गई हैं।

ये रहे मौजूद:
प्रदर्शन में आशीषपाल पदावत, पूर्व विधायक माणक डाणी, पारस पंच, अज़मत काठात, शांति डाबला, कल्पना भटनागर, विक्रम सोनी, मनीष सांखला सहित बड़ी संख्या में पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।