सूरौठ।स्मार्ट हलचल|गांव भुकरावली में 4 मार्च को झगड़े में घायल हुए युवक रामवीर जाटव की जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु होने के पश्चात शनिवार को 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे जाटव समाज के लोगों एवं पुलिस प्रशासन के बीच शनिवार देर रात सहमति बनी। करौली जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल की समझाइस के बाद ग्रामीण शव का दाह संस्कार करने के लिए राजी हुए। गांव भुकरावली में रात 2:00 बजे पुलिस की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। एसपी सोनवाल ने इस मामले में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी पर दश- दश हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस सम्बन्ध में बसपा जोन प्रभारी एडवोकेट अमर सिंह बंसीवाल एवं पार्टी नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर चेतावनी दी है कि यदि 15 मार्च तक 12 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
4 मार्च को गांव भुकरावली में हूए झगड़े में युवक रामवीर जाटव गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवा गया था। उपचार के दौरान 6 मार्च को युवक रामवीर की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव को एम्बुलेंस में रखकर शनिवार को दोपहर 12 बजे के करीब परिजन जब गांव भुकरावली पहुंचे तो बसपा के जोन प्रभारी अमर सिंह बंसीवाल सहित जाटव समाज के काफी लोग राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के पास भुकरावली सूरौठ मार्ग पर धरने पर बैठ गए तथा विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर हिंडौन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह, एसडीएम हेमराज गुर्जर, डीएसपी मुनेश मीणा, सूरौठ तहसीलदार संजीव धाकड़, थाना प्रभारी सोहन सिंह गुर्जर सहित कई थानों की पुलिस गांव भुकरावली पहुंची तथा धरने पर बैठे लोगों से वार्ता की। लेकिन ग्रामीणों एवं प्रशासन में सहमति नहीं बनी। इसके पश्चात रात्रि को करौली एसपी लोकेश सोनवाल सूरौठ थाने पहुंचे। थाना परिसर में एसपी सोनवाल एवं जाटव समाज के लोगों के बीच वार्ता हुई। एसपी की समझाइस के बाद ग्रामीण शव के दाह संस्कार के लिए राजी हुए। सहमति के पश्चात रात 2:00 बजे पुलिस सुरक्षा में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। वार्ता के दौरान बसपा के जौन प्रभारी अमर सिंह बंसीवाल, जिला प्रभारी सुरेश चंद्र देवतवाल, पूर्व जिला प्रभारी संतोष कुमार जाटव, हरिओम गोगरिया आदि ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर नामजद आरोपियों को अभिलंब गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार की आत्म सुरक्षा हेतु लाइसेंसी हथियार उपलब्ध करवाने, पीड़ितों की भूमि से अतिक्रमण हटवाने, पीड़ित परिवार को नौकरी देने एवं 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, अवैध शराब की दुकान को बंद करवाने, पीड़ित परिवार के लिए पास के शहर सूरौठ में आवास की व्यवस्था करवाने सहित 12 मांगों को शीघ्र ही पूरा करवाने की मांग की। मृतक युवक के दाह संस्कार के पश्चात एसपी लोकेश सोनवाल गांव भुकरावली पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत की।
