परिजनों का बजरी माफिया पर हत्या करने का आरोप-5 घंटे चला विरोध प्रदर्शन-प्रशासन ने 1.10 करोड़ मुआवजा व नौकरी की घोषणा
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा ।स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा सर्किल अन्तर्गत बनेठा थाना क्षेत्र के ककोड़ इलाके में रविवार सुबह एक पुलिस कांस्टेबल का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भागचंद सैनी (26) के रूप में हुई है, जो ककोड़ चौकी पर तैनात थे।
रात्रि गश्त पर निकले थे, सुबह ककोड़ के पास रूपवास मोड़ स्कूल के पास सुनसान जगह पर शव पड़ा मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांस्टेबल भागचंद सैनी (26) शनिवार रात करीब 12 बजे सरकारी बाइक से नियमित गश्त पर निकले थे। उनकी मध्य रात्रि 2 बजकर 58 मिनट पर आखरी लोकेशन ककोड़ कस्बा के पास एक होटल के सामने थी, जिसका पुलिस के ग्रुप में लोकेशन फोटो भी शेयर किया हुआ है। रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने सुनसान स्थान पर उनका शव पड़ा देखा और तुरन्त बनेठा थाना पुलिस को सूचना दी।
*धारदार हथियार से वार-पास में मिली बाईक*
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कांस्टेबल भागचंद सैनी के चेहरे, गर्दन और सीने पर धारदार हथियार से गहरे घाव के निशान थे। घटनास्थल के पास ही सरकारी बाइक भी पड़ी मिली, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।
*एसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे*
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव सहित अन्य अधिकारी व एफएसएल टीम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
*शव देख परिजनों में मचा कोहराम*
कांस्टेबल भागचंद का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता सहित परिजन बेसुध हो गए और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
*अज्ञात बजरी माफिया पर हत्या का आरोप*
परिजनों ने कथित आरोप लगाया कि क्षेत्र में सक्रिय बजरी माफिया ने कांस्टेबल की हत्या की है। उनका कहना है कि अवैध बजरी खनन और परिवहन को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं।
*अस्पताल में प्रदर्शन-मुआवजा घोषित*
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सआदत अस्पताल टोंक लाया गया, जहां परिजनों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
बाद में प्रशासन ने परिजनों व समाज के गणमान्य लोगों की मांग पर 1.10 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा, एक आश्रित को सरकारी नौकरी तथा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार का आश्वासन दिया। साथ ही 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया गया।
*जांच के लिए टीम गठित*
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। हालांकि पुलिस द्वारा कुछ संदिग्ध लोगों को डिटेन कर रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही हैं।
*साल 2018 बैच का कॉन्स्टेबल हैं मृतक-चार साल पूर्व 2022 में शादी-21 माह का बेटा*
कांस्टेबल भागचंद सैनी की शादी 21 अप्रैल 2022 को टीना सैनी से हुई थी। उनके 21 माह का बेटा कार्तिक है, जो अब पिता के साए से वंचित हो गया है। वे परिवार में सबसे छोटे थे। उनके दो भाई और तीन बहनें हैं। साल 2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए भागचंद सैनी के पिता कालूराम सैनी वर्ष 1994 में पार्षद रह चुके हैं। बेटे की असमय मृत्यु से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
