Homeराजस्थानचित्तौड़गढ़आर.एन.टी. विधि महाविद्यालय चित्तौड़गढ़ में संविधान दिवस पर विधिक व्याख्यान, संसदीय मंचन...

आर.एन.टी. विधि महाविद्यालय चित्तौड़गढ़ में संविधान दिवस पर विधिक व्याख्यान, संसदीय मंचन एवं विविध कार्यक्रम आयोजित

स्मार्ट हलचल|गांधीनगर सेक्टर-05, स्थित आर.एन.टी. विधि महाविद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े ही उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के समन्वयक गौरव त्यागी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2015 में 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में महाविद्यालय में विशेष विधिक व्याख्यान, संसदीय मंचन एवं कई शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप-प्राचार्य डॉ. प्रभा भाटी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता गौरव परमार द्वारा भारतीय संविधान की रूपरेखा, प्रमुख विशेषताओं एवं महत्वपूर्ण उपबंधों पर विस्तृत प्रस्तुति के साथ हुई। इसके पश्चात विधि व्याख्याता जफ्फर हुसैन वैलिम ने संविधान को एक सामाजिक एवं राजनीतिक दस्तावेज बताते हुए उसके ऐतिहासिक महत्व एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने अनुच्छेद 21, जीवन एवं स्वतंत्रता से जुड़े अधिकार, निशुल्क विधिक सहायता, त्वरित न्याय, न्यायिक विलंब एवं अपराधियों को हथकड़ी से मुक्त रखने जैसे संवैधानिक प्रावधानों पर अपने विचार साझा किए। विधि सहायक आचार्य गजेंद्र जोशी ने संविधान के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा में समझाते हुए मौलिक अधिकार, मूल कर्तव्य, शक्ति पृथक्करण तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसी क्रम में सहायक आचार्य अमित कोहली ने राज्य के नीति निर्देशक तत्वों तथा समान नागरिक संहिता की अवधारणा को स्पष्ट किया। वहीं सहायक आचार्य सोनिया राजोरा ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना, विधिक इतिहास तथा संविधान दिवस मनाने के उद्देश्य पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सहायक आचार्य मेहा डाड़ द्वारा विद्यार्थियों से संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान एल एल.एम., एल एल.बी. प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर, तृतीय वर्ष तथा डी. एल.एल. के विद्यार्थियों ने संविधान की प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विद्यार्थियों द्वारा संसदीय प्रणाली का मंचन भी किया गया, जिसमें महिला अधिकार, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य समसामयिक विषयों पर वाद-विवाद हुआ। विद्यार्थियों ने विधायी प्रक्रिया, संसदीय कार्यवाही एवं निर्णय निर्माण का जीवंत प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। इसी क्रम में आज गुरुवार को संविधान दिवस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा आयोजित ऑनलाइन सम्मेलन में महाविद्यालय ने सहभागिता की, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेषज्ञ वक्ता एवं कई विधि महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने भारतीय संविधान, न्यायिक प्रणाली तथा समकालीन विधिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता बी. एल. पोखरणा ने भी संविधान दिवस पर विद्यार्थियों से महत्वपूर्ण चर्चा की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विधि सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. अनिल कुमार, सोनू कुमार मेघवंशी, दीपक शर्मा, ललित मीणा सहित अन्य संकाय सदस्यों का सहयोग रहा।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES